नगर निगम की सक्रिय पहल: त्वरित कार्रवाई से दूर हुई जलभराव व पेयजल समस्याएं
निरीक्षण के बाद तुरंत मरम्मत, स्थायी समाधान की दिशा में दौड़ी टीमें

अलीगढ़: नगर निगम ने शहर में नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जलभराव एवं पेयजल से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की है। हाल ही में विभिन्न माध्यमों से संज्ञानित समस्याओं को दूर करने के लिए निगम की विभागीय टीम ने संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया।कुंवर नगर गली नंबर-1 में नाली की ओर झुके हैंडपंप को दुरुस्त कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के अन्य खराब हैंडपंपों की भी मरम्मत कराकर उन्हें सुचारु रूप से चालू कराया गया। अवर अभियंता जलकल नगर निगम के अनुसार शेष हैंडपंपों के रखरखाव एवं सुधार के लिए निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।इसी प्रकार मुश्ताक नगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग के नव निर्माण के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या का भी समाधान किया गया। मौके पर जल संयोजन में पाई गई क्षति को ठीक कर तत्काल सक्शन मशीन के माध्यम से जल निकासी कराई गई। वर्तमान में क्षेत्र में जलभराव की कोई स्थिति नहीं है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित लिंक गलियों में सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी ने बताया कि कुंवर नगर एवं मुस्ताक नगर के साथ ही रसलगंज सराय रहमान वार्ड संख्या 42 में टीम को लगाकर युद्धस्तर पर सफाई कार्य आरम्भ कर सफाई कार्य कराया गया। कुछ स्थानों पर लीकेज की शिकायत पर मरम्मत कराते हुए दुरूस्त किया गया।नगर निगम के अधिशासी अभियंता जलकल पी के सिंह ने स्पष्ट किया है कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनसहभागिता के माध्यम से शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



