अलीगढ़

डायलिसिस यूनिट में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिलाधिकारी ने सीएमएस व कार्यदायी संस्था को दिए सख्त निर्देश

मरीजों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं, डायलिसिस यूनिट के संचालन पर डीएम की कड़ी निगरानी

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय स्थित डायलिसिस यूनिट के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि डायलिसिस जैसे जीवनरक्षक उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाएं।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डीडीयू डॉ एमके माथुर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि डायलिसिस यूनिट पीपीपी मोड पर संचालित है, जहां कुल 10 डायलिसिस बेड स्थापित हैं। इनमें एक बेड हेपेटाइटिस-सी पॉजिटिव मरीजों के लिए आरक्षित है और शेष बेड सामान्य मरीजों के उपचार में प्रयुक्त हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संक्रमण से बचाव के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को यह भी निर्देशित किया कि डायलिसिस यूनिट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्यदायी संस्था द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रतीक्षालय में बैठने की समुचित व्यवस्था और मरीजों व तीमारदारों की सुविधाओं को प्राथमिकता पर दुरुस्त कराया जाए। किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि डायलिसिस कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उपचार का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित और मानवीय हो। जनस्वास्थ्य शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद डायलिसिस यूनिट की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन की इस सक्रियता से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी है और डायलिसिस यूनिट के संचालन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। डॉ एमके माथुर ने जिलाधिकारी को भरोसा दिलाया है कि दिए निर्देशों का अक्षरसः अनुपालन कराया जाएगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!