रेलवे रोड पर अधूरी सड़क से बढ़ी परेशानी, लोगों ने जताया आक्रोश
नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया

अलीगढ़। शहर के व्यस्त रेलवे रोड बाजार में अधूरी पड़ी सड़क निर्माण कार्य को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू हुए करीब 3 से 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है।
अधूरी सड़क के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जिससे व्यापारियों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।दुकानदारों का आरोप है कि पहले सड़क की स्थिति ठीक थी, लेकिन उसे तोड़कर दोबारा निर्माण शुरू किया गया और अब काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे धूल, गड्ढों और अव्यवस्था के कारण ग्राहकों का आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है, जिससे कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



