चकबन्दी प्रक्रिया की प्रगति मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न
निर्धारित समय सीमा में चकबन्दी कार्य पूर्ण करते हुए ग्रामीणों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाए

अलीगढ़ : जिले में चकबन्दी प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक का कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजन किया गया। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक एवं उप संचालक चकबन्दी अखिलेश कुमार, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी अनिल कटियार, सीओ चकबन्दी राजीव कुमार टमटा, एसीओ अरूण सारस्वत एवं अरूण शर्मा उपस्थित रहे बैठक में जिले में 04 ग्रामों- बरहद, दहेली, पिलखना एवं साथिनी में अब तक की चकबन्दी प्रगति की समीक्षा की गई और अवशेष कार्यों की शीघ्र पूर्ति के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा में चकबन्दी कार्य पूर्ण करते हुए ग्रामीणों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाए। उन्होंने पारदर्शिता एवं शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जिलाधिकारी ने डीडीसी को निर्देशित किया कि 15 मई तक 05 वर्ष पुराने लंबित सभी मुकदमों को निस्तारित कर दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने दहेली एवं बरहद में जल्द से जल्द चकबन्दी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चकबन्दी प्रक्रिया पूर्ण होने से जहां भूमि विवादों में कमी आएगी वहीं कृषकों को समुचित लाभ मिलेगा। चकबन्दी प्रक्रिया को गति देने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नियमित फील्ड निरीक्षण एवं जन संवाद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीडीसी चकबन्दी अखिलेश कुमार ने बताया कि चकबन्दी प्रक्रिया के दौरान निर्विवाद मामलों को एसीओ स्तर से एवं विवादित मामलों को सीओ स्तर से निस्तारित किया जा रहा है। बरहद में लगभग 424 हैक्टेयर वहीं दहेली में 228 हैक्टेयर में चकबन्दी का कार्य गतिमान है। उन्होंने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि 15 जून से चक काटने की कार्यवाही आरम्भ हो जाएगी।



