नागरिक सुरक्षा विभाग के सैक्टर वार्डन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के लिए स्वयं सेवकों की अवैतनिक भर्ती के लिए करें आवेदन
विकास भवन स्थित कार्यालय में प्राप्त एवं जमा करें आवेदन

अलीगढ़ : प्रभारी उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया है कि नागरिक सुरक्षा विभाग के सैक्टर वार्डन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के लिए स्वयं सेवकों की अवैतनिक भर्ती की जानी है।श्री गुप्ता ने बताया कि आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान करने के लिए नागरिक सुरक्षा कोर विभाग द्वारा स्वंय सेवको की अवैतनिक रूप से भर्ती की जा रही है। थाना सासनी गेट, थाना रोरावर, थाना कोतवाली, थाना देहली गेट को छोडकर भर्ती पर्याप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि स्वयं सेवक नागरिकों की सुरक्षा आपदा के समय सहायता और राहत कार्यों में महत्ववपूर्ण भूमिका निभाते है। ऐसे सभी नागरिक जो समाज सेवा के प्रति समर्पित हैं और संकट की घड़ी में मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते है। वे इस सेवा से जुड सकते है।चीफ वार्डन एवं कमांडिंग आफिसर नागरिक सुरक्षा विभाग सी0पी0 सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्वयं सेवक के लिए भारतीय नागरिक (जनपद अलीगढ नगर क्षेत्र) का निवासी हो, आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य हो, हाईस्कूल अथवा इण्टरमीडियट उत्तीर्ण हो, शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो, राष्ट्रीय स्वयं सेवक बल, सशत्र बल, एनसीसी केडेट, स्काउट गाइड से सम्बंधित को भी सेवा को वरीयता दी जाएगी। किसी भी अपराध में दोषी नहीं होना चाहिए। किसी भी राजनैतिक पार्टी से जुडा हुआ न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुरक्षा विभाग (कोर) में नियुक्ति के लिए पुरूष व महिला दोनो पात्र होंगे। आवेदन के इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन पत्र आधार कार्ड की प्रति, पासपोर्ट साइज (फोटो), शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र समेत जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विकास भवन स्थित कार्यालय जिलाधिकारी एवं नियंत्रक प्रथम तल एफ-24 में आवेदन जमा एवं प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी नगर क्षेत्र के अर्न्तगत आने वाले इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया है कि समाज सेवा के इस पवित्र कार्यों में सहयोगी बनें और एक सशक्त व सुरक्षित राष्ट्र में योगदान दें। अधिक जानकारी के लिए विभाग के दूरभाष नं0 0571-2972350 मो0 9454417747, 9719654767 पर सम्पर्क किया जा सकता है।



