मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में सेवाएं सुचारु, विशेषज्ञों की कमी के बावजूद मरीजों को मिल रहा निरंतर उपचार
जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर प्रतिदिन कर रहे 50 से 60 मरीजों का अल्ट्रासाउंड

अलीगढ़ : जिले के स्वास्थ्य केंद्र मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में चिकित्सकीय सेवाएं नियमित रूप से संचालित हैं और विशेषज्ञों की अस्थायी अनुपस्थिति के बावजूद मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ जगवीर सिंह द्वारा स्पष्ट किया गया कि चिकित्सालय में वर्तमान में दो हड्डीरोग विशेषज्ञ तैनात हैं। निरीक्षण के समय एक चिकित्सक दिव्यांग बोर्ड की आधिकारिक ड्यूटी पर जनपद एटा गए हुए थे, जबकि दूसरे चिकित्सक आकस्मिक वार्ड में भर्ती मरीज को देखने पहुंचे थे। इस दौरान हड्डीरोग ओपीडी में इंटर्न चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच व प्राथमिक उपचार जारी रखा गया, जिससे सेवाओं की निरंतरता बनी रही।इसी प्रकार रेडियोलॉजिस्ट का पद वर्तमान में रिक्त होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर रखी है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा आवश्यक मेडिको-लीगल व प्रशासनिक कार्यों के साथ अल्ट्रासाउंड सेवाएं भी संचालित कराई जा रही हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर प्रतिदिन 50 से 60 मरीजों का अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए उच्च स्तर पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए मांग पत्र भेजे जाने के साथ ही प्रभावशाली पैरवी भी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह एक मण्डल के जिले में स्थित चिकित्सालय है जहां प्रतिदिन लगभग 2500 से 3000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सर्जरी एवं बालरोग विशेषज्ञ प्रातःकालीन समय में वार्डों में भर्ती मरीजों का राउंड लेते हैं और उसके पश्चात अपनी निर्धारित ओपीडी में उपस्थित होकर बाह्य रोगियों का उपचार करते हैं। इससे भर्ती और ओपीडी दोनों प्रकार के मरीजों को समुचित चिकित्सकीय सुविधा मिल रही है। सीएमएस ने दोहराया कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और उपलब्ध संसाधनों के बीच सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



