अलीगढ़

स्मार्ट कूड़ेदानों से शहर की सफाई व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा

डिजिटल ट्रैकिंग, रंग-कोडिंग और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन से होगा स्वच्छ शहर का निर्माण

अलीगढ़ : नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानन्द त्यागी ने अवगत कराया कि नगर निगम क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे डस्टबिन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुरूप हैं, जो पूरी तरह वैज्ञानिक एवं टिकाऊ प्रणाली पर आधारित हैं।उन्होंने बताया कि ये डस्टबिन गीले और सूखे कचरे के पृथक संग्रहण के लिए रंग-कोडित हैं। इनका निर्माण यूवी-स्टेबलाइज्ड, उच्च गुणवत्ता वाले प्लास्टिक एवं जंगरोधी सामग्री से किया गया है, जिससे ये लीकेज-प्रूफ और दीर्घकालिक उपयोग के लिए उपयुक्त हैं। नगर निगम द्वारा इन स्मार्ट कूड़ेदानों की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक डस्टबिन पर क्यूआर कोड अंकित किया जा रहा है, जिसे स्कैन कर उनकी लोकेशन, उपयोग और रखरखाव की स्थिति का डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि समय पर कचरा उठान और रखरखाव भी सुनिश्चित होगा।गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लाभ: गीले कचरे से खाद बनाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। तो वहीं सूखे कचरे का रीसाइक्लिंग संभव होता है इसके साथ ही लैंडफिल पर दबाव कम होता है और प्रदूषण में कमी आती है। कचरा प्रबंधन की लागत घटती है और संसाधनों का बेहतर उपयोग होता है। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानन्द त्यागी ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग-अलग डालें और नगर निगम की इस आधुनिक व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल कूड़ेदानों की स्थापना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित निगरानी, रखरखाव और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट तकनीक और जनसहभागिता के समन्वय से शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!