खाद्यान्न उठान में तेज़ी, 82.52 प्रतिशत कार्य पूर्ण, शेष प्रगति पर
जिले के किसी भी पात्र लाभार्थी को नहीं होने दी जाएगी असुविधा

अलीगढ़: जिला खाद्य विपणन अधिकारी विशाल जैन ने बताया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आवंटन माह फरवरी के खाद्यान्न- गेहूं, चावल एवं बाजरा का उठान एवं वितरण कार्य युद्धस्तर पर प्रगति पर है।उन्होंने बताया कि माह फरवरी के लिए जिले को 1,13,347.16 कुंतल खाद्यान्न आवंटित हुआ है, जिसमें गेहूं 45,917.41 कुंतल, चावल 15,072.77 कुंतल और बाजरा 52,356.98 कुंतल सम्मिलित है। 10 फरवरी तक कुल 93,539.65 कुंतल यानी 82.52 प्रतिशत खाद्यान्न का उठान पूर्ण किया जा चुका है, शेष 19,807.51 कुंतल खाद्यान्न का उठान तीव्र गति से कराया जा रहा है। 11 फरवरी को विभिन्न डिपो से 28 ट्रकों के माध्यम से लगभग 5200 कुंतल खाद्यान्न की लोडिंग कराई गई है। शासन द्वारा उठान की समय-सीमा 15 फरवरी तक विस्तारित की गई है और निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित अवधि से पूर्व ही शत-प्रतिशत उठान सुनिश्चित किया जाए।जिला खाद्य विपणन अधिकारी विशाल आनन्द जैन ने स्पष्ट किया कि जनवरी से गेहूं एवं चावल के अतिरिक्त बाजरा का बड़े पैमाने पर अतिरिक्त आवंटन प्राप्त हुआ है, जिससे कुल मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। विभिन्न डिपो एसडब्ल्यूसी स्टेट डिपो, एफसीआई गोदाम सोमन, शिवकुमार सिंह गोदाम गभाना एवं अन्य वेयरहाउस से उठान किए जाने और रेल रैक से अनलोडिंग में समय लगने के कारण प्रारंभिक चरण में कुछ विलंब हुआ।परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 24 जनवरी एवं 04 फरवरी 2026 को सभी नामित परिवहन ठेकेदारों को नोटिस जारी कर दैनिक रोस्टर के अनुसार पर्याप्त संख्या में ट्रक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप औसतन 740 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठान सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि माह जनवरी का उठान पूर्ण कर लिया गया था और फरवरी माह का उठान 16 जनवरी से ही प्रारंभ कर दिया गया था। प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त वाहन लगाए जा रहे हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने कहा कि जिले के समस्त उचित दर विक्रेताओं को समयबद्ध रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी पात्र लाभार्थी को खाद्यान्न से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।



