डीएम के निर्देश पर ग्रामीण स्वच्छता अभियान तेज, पंचायतों में सख्त निगरानी
हर गांव में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन के निर्देश पर जिलेभर में ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नियमित समीक्षा और कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र सिंह को निर्देशित किया है कि गांवों की गलियों, नालियों, सामुदायिक शौचालयों, पंचायत भवनों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।अभियान के तहत ग्राम स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। सफाई कार्य की दैनिक मॉनिटरिंग, स्वच्छता रजिस्टर का संधारण एवं फोटो आधारित रिपोर्टिंग अनिवार्य कर दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी सफाई कर्मचारियों और ग्रामीण स्वच्छता कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित सफाई, कूड़ा उठान और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए। जलभराव या गंदगी की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिले में पूर्व से संचालित स्वच्छता एप के माध्यम से घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक सचिव की निगरानी में क्यूआर कोड आधारित प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत घरों से प्रतिदिन एक रुपये के हिसाब से उपयोग शुल्क सीधे ओएसआर खाते में जमा होगा। इससे स्वच्छता व्यवस्था को आत्मनिर्भर और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। पंचायतीराज विभाग ने ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज की आधारशिला है और जनसहयोग से ही इस अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है। जिले में चल रहे इस सघन अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।



