मा0 प्रधानमंत्री जी की पहल से मंडल के पूर्व प्रयासों को मिली राष्ट्रीय मजबूती
मा0 प्रधानमंत्री जी की पहल से मंडल के पूर्व प्रयासों को मिली राष्ट्रीय मजबूती

मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण का किया शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ सजीव प्रसारणमण्डलायुक्त के कुशल मार्गदर्शन में पूर्व से संचालित अभियान को मिला राष्ट्रीय संबल, अलीगढ़ में 500 एवं अन्य तीन जिलों में 100-100 बालिकाएं हुईं प्रतिरक्षित अलीगढ़ : मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ के साथ ही देशभर में बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान को नई दिशा एवं गति प्राप्त हुई है। इस राष्ट्रीय पहल के क्रम में अलीगढ़ मंडल में भी व्यापक स्तर पर बालिकाओं को टीकाकरण के माध्यम से सुरक्षित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मोहनलाल गौतम जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी एवं पीएचसी पर किया गया।उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ मंडल में यह अभियान मण्डलायुक्त संगीता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पूर्व से ही सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा था। अब मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर इसके शुभारंभ से मंडल में पूर्व में किए गए प्रयासों पर सशक्त मुहर लग गई है और अभियान को और अधिक व्यापक जनसमर्थन एवं प्रशासनिक संबल प्राप्त हुआ है।मा0 प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि परिवार की धुरी मां होती है। यदि मां स्वस्थ है तो परिवार सशक्त रहता है। इसी भावना से केंद्र एवं राज्य सरकारें महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े विषयों पर मिशन मोड में कार्य कर रही हैं। वर्ष 2014 से पूर्व जिन समस्याओं की अनदेखी होती थी, आज उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है,
चाहे वह शौचालय निर्माण हो, बालिकाओं के लिए पृथक टॉयलेट की व्यवस्था, सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता अथवा सुरक्षित मातृत्व से संबंधित योजनाएं हों मण्डलायुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह ने पूर्व में ही प्रभावी पहल करते हुए मंडल के चारों जिले अलीगढ़, हाथरस, एटा एवं कासगंज में एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ कर बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण सुनिश्चित कराया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल (ग्रीवा) कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बालिकाओं को समय पर टीकाकरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि मंडल में लगभग एक लाख बालिकाओं को इस टीके से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान चरण में अलीगढ़ जनपद में 500 और एटा, हाथरस एवं कासगंज में 100-100 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।अपर निदेशक स्वास्थ्य डा0 मोहन झा ने कहा कि यह केवल एक टीकाकरण अभियान नहीं, बल्कि “स्वस्थ नारीदृसशक्त नारी” की दिशा में एक सामाजिक संकल्प है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन का बाजारी मूल्य लगभग 12,000 है, किंतु मा0 प्रधानमंत्री जी के राष्ट्रव्यापी अभियान के उपरांत अब बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 नीरज त्यागी ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे जागरूक होकर अपनी बेटियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन में गार्डिसिल-4 एचपीवी वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा।



