अचल सरोवर के संचालन व रख-रखाव में आई तेजी, फुब्बारे जल्द होंगे संचालित
नगर निगम की पहल से संवर रहा अचल सरोवर, सुविधाओं में हो रहा निरंतर सुधार

अलीगढ़ : नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल अचल सरोवर के समुचित संचालन, नियमित रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि यह स्थल जनसामान्य के लिए उपयोगी एवं आनंददायक बना रहे।नगर निगम के अधिशासी अभियंता बिजेंद्र कुमार ने बताया कि अचल सरोवर का विधिवत हैंडओवर संबंधित ठेकेदार फर्म शिव शक्ति एंटरप्राइजेज को कर दिया गया है। हैंडओवर प्रक्रिया के दौरान पूर्व में चिन्हित सभी तकनीकी एवं संरचनात्मक कमियों को दूर कराया गया है, जिससे अब सरोवर के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न रहे।उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अचल सरोवर की साफ-सफाई, नियमित देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी संबंधित फर्म द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। परिसर को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ाई गई है। मंदिर क्षेत्र में बंदरों की अधिक सक्रियता के कारण फॉल सिलिंग को हुई क्षति को लेकर भी निगम सतर्क है और स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यक सुधार समय रहते कराया जा सके। अधिशासी अभियंता ने यह भी जानकारी दी कि अचल सरोवर में स्थापित फुब्बारों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। फुब्बारों के पुनः संचालन से सरोवर की सुंदरता में और अधिक वृद्धि होगी और आम नागरिकों को एक आकर्षक और मनभावन वातावरण मिलेगा।नगर निगम का प्रयास है कि अचल सरोवर को न केवल एक धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, बल्कि इसे एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में भी स्थापित किया जाए, जहां शहरवासी परिवार के साथ समय बिता सकें। निगम द्वारा निरंतर निरीक्षण, समन्वय और निगरानी के माध्यम से सभी कार्यों को गति दी जा रही है। प्रशासनिक सक्रियता और योजनाबद्ध प्रयासों से यह स्पष्ट है कि अचल सरोवर को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप जनसामान्य के हित में उपयोगी बनाए रखने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



