हाथरस में दर्दनाक घटना: पति और देवर की मौत के सदमे में महिला ने की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर
32 वर्षीय नेमवती पत्नी कुंवरपाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की

हाथरस जिले में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। पति और देवर की अचानक मौत के गहरे सदमे से उबर नहीं पाई एक महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना रविवार को मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कोटा की है, जहां महिला ने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया।जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय नेमवती पत्नी कुंवरपाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की।
परिजनों और ग्रामीणों ने समय रहते उसे फंदे से उतार लिया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।बताया जा रहा है कि नेमवती के पति 35 वर्षीय कुंवरपाल की 11 दिसंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। इसके महज डेढ़ घंटे बाद ही उनके छोटे भाई बॉबी की भी मृत्यु हो गई थी। दोनों भाइयों की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था। परिवार ने पोस्टमार्टम न कराते हुए दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया था।पति और देवर की एक साथ हुई मौत से नेमवती गहरे सदमे में चली गई थीं। कुंवरपाल अपने पीछे पत्नी नेमवती और दो बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि बॉबी अविवाहित थे। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से ही नेमवती मानसिक रूप से बेहद परेशान थीं, और इसी सदमे में उन्होंने यह कदम उठाया



