इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुट यूजीसी बिल को लेकर आपस में भिड़ गए
यूपी के प्रयागराज में एक बार फिर से यूजीसी बिल को लेकर जबरदस्त बवाल देखने को मिला

यूपी के प्रयागराज में एक बार फिर से यूजीसी बिल को लेकर जबरदस्त बवाल देखने को मिला. इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुट यूजीसी बिल को लेकर आपस में भिड़ गए, इस बीच दोनों तरफ से जमकर गुत्थमगुत्था हुई और मारपीट भी हुई. इस घटना में दोनों पक्षों के कई छात्र घायल हुए हैं. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के बरगद लान में छात्रों के एक समूह द्वारा यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही थी, इसी दौरान वहां दूसरे गुट के 30-40 छात्र भी आ गए. जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद होने लगा. एक गुट ने दूसरे गुट जातिसूचक गालियां भी दी.
जिसके बाद बवाल बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. छात्रों के एक गुट का आरोप है कि जब वो बरगद लान में चर्चा कर रहे थे तो दूसरे गुट के छात्रों ने वहां पर आकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में दोनों गुटों के छात्रों को चोटें आईं हैं. आरोप है कि इस दौरान लड़कियों के साथ भी बदसलूकी की गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह पूरे मामले को शांत किया. पुलिस तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने अभी मुकदमा नहीं दर्ज किया है.



