युवाओं का स्वरोजगार स्थापना का सपना हुआ साकार, पात्रों को 10.127 करोड़ का मिला ऋण
विकास भवन में वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित

अलीगढ़ 20 फरवरी 2026 (सू0वि0): प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी की स्वरोजगार स्थापना की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के ऋण वितरण शिविर से न केवल जरूरतमंदों को स्वरोजगार स्थापना में मदद मिलती है बल्कि जिले की रैंकिंग पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया कि वर्तमान में जिले का सीडी रेशियो 54 प्रतिशत है जिसे 62 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने बैंकर्स से आव्हान किया कि शासकीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए प्राथमिकता से पात्रों को लाभान्वित करें ताकि जिले का सीडी को बढ़ाया जा सके।महाप्रबंधक उद्योग एस0पी0 यादव ने बताया कि बैंकर्स द्वारा 12 ऐसे प्रकरण हैं जिनमें ऋण वितरण कर दिया गया है लेकिन पोर्टल पर अपलोड नहीं है। इसी प्रकार 34 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत किया गया है लेकिन वितरण नहीं किया गया। उन्होंने संबंधित शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता से स्वीकृत आवेदनों पर ऋण वितरण कराते हुए उन्हें पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।लीड बैंक मैनेजर अशोक सौनी ने बताया कि वृहद ऋण वितरण शिविर में सीएम युवा योजना में 174 लाभार्थियों को 5.40 करोड़, एमवाईएसवाई में 05 लाभार्थियों को 50 लाख, मुद्रा योजना में 155 लाभार्थियों को 4.22 करोड़, महिला स्वयं समूहों को गति प्रदान करने के लिए 70 लाख रूपये का ऋण वितरण किया गया।
मौके पर इनको मिला ऋण: सीडीओ द्वारा सीएम युवा योजना में श्रीमती रेनू, मोहित कुमार, गीता देवी, कुलदीप कुमार एवं चरन सिंह को 5-5 लाख, कैलाश कुमार को 4.20 लाख, देवेन्द्र कुमार को 4.33 लाख, सलमान को 4.5 लाख, अनुज गौतम को 4.25 लाख, मो0 राशिद खान को 4.25 लाख, खालिद अहमद को 4.35 लाख, मो0 शाहरूख को 4.37 लाख, सदफ इकबाल को 4.25 लाख, सरस्वती देवी को 4.15 लाख, प्रेम देवी को 3 लाख समेत एसबीआई के 04-04 लाख ऋण स्वीकृति के लाभार्थी अशोक कुमार एवं नरेन्द्र कुमार को इलैक्ट्रिक ऑटो की चाभी भेंट की गई। इस अवसर पर केनरा बैंक रीजनल मैनेजर अजीत कुमार समेत संबंधित बैंकर्स एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।



