भावुक विदाई के बीच संगीता सिंह बोलीं
अलीगढ़ से यादें लेकर जा रही हूं, नई तैनाती पर इन्हें सार्थक करने का प्रयास करूंगी

अलीगढ़ : अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त रहीं संगीता सिंह को मंगलवार को आयुक्त सभागार में कमिश्नरी परिवार, मंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं कमिश्नरी बार एसोसिएशन की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों, सहज एवं विनम्र व्यवहार और प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के उपरांत निवर्तमान मंडलायुक्त संगीता सिंह अपनी नवीन तैनाती वाले मंडल मुरादाबाद के लिए रवाना हो गईं।विदाई समारोह को संबोधित करते हुए निवर्तमान मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि अलीगढ़ मंडल में मंडलायुक्त के रूप में उन्होंने एक वर्ष सात माह का कार्यकाल पूरा किया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ उनके लिए कभी पूरी तरह अपरिचित नहीं रहा, क्योंकि उनकी दादी इसी जिले के चकाथल की थीं। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में नई जिम्मेदारी और नए परिवेश के कारण थोड़ी असहजता अवश्य महसूस हुई, लेकिन बाद में सब कुछ भगवान श्रीकृष्ण पर छोड़कर पूरी निष्ठा से कार्य किया। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें अपने पूरे कार्यकाल में परम संतोष मिला।उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने साथ कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर पूरा भरोसा किया और सभी ने उस भरोसे को कायम रखा। अलीगढ़ में कार्य करते हुए उन्हें ऐसे अनुभव और स्मृतियां मिलीं, जिन्हें वह हमेशा अपने साथ लेकर जाएंगी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि अपनी तैनाती के दौरान वह एक फोटोग्राफर और लेखिका भी बन जाएंगी। उन्होंने बताया कि उनकी दो पुस्तकें अभी पाइपलाइन में हैं और अलीगढ़ मंडल से मिली यादों को भी वह अपनी आगामी रचनात्मक यात्रा का हिस्सा बनाएंगी।अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार ने कहा कि मंडलायुक्त की विदाई हर्ष और विषाद का मिश्रित अवसर है। एक ओर साथी अधिकारी के स्थानांतरण का भावुक क्षण है, तो दूसरी ओर यह संतोष भी है कि उन्हें प्रदेश के एक महत्वपूर्ण मंडल मुरादाबाद में नई जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि संगीता सिंह के व्यवहार में सहजता और विनम्रता, कार्यशैली में अनुशासन एवं विपरीत परिस्थितियों में ठोस एवं त्वरित निर्णय लेने की अद्वितीय क्षमता रही। उनके कार्यकाल के दौरान सभी ने उनके प्रकृति प्रेम को भी निकट से देखा। उन्होंने निवर्तमान मंडलायुक्त को बहुआयामी एवं महान व्यक्तित्व की धनी बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की सराहना की।अपर आयुक्त न्यायिक अखिलेश कुमार ने कहा कि संगीता सिंह ने परंपरागत कार्यशैली से आगे बढ़कर नई सोच के साथ पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक किस प्रकार प्रभावी ढंग से पहुंचे, यह उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण पक्ष रहा। पोषण पोटली, बाल विकास से जुड़ी योजनाओं, बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन जैसे अभिनव प्रयासों के साथ-साथ शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को भी उन्होंने प्राथमिकता दी।उन्होंने कहा कि निवर्तमान मंडलायुक्त ने सदैव अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें रचनात्मक एवं नवाचारपरक कार्यों के लिए प्रेरित किया। न्यायालय संबंधी मामलों, कानून-व्यवस्था तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को भी उन्होंने प्रोएक्टिव दृष्टिकोण के साथ लागू कराया। उनके नेतृत्व में अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और बेहतर परिणाम देने की प्रेरणा मिली।समारोह के दौरान कमिश्नरी के अधिकारियों-कर्मचारियों और कमिश्नरी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निवर्तमान मंडलायुक्त संगीता सिंह को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से भरा रहा। अलीगढ़ मंडल की जिम्मेदारियों से विदा लेते हुए संगीता सिंह अपने साथ यहां के कार्यकाल की यादें और सहकर्मियों का स्नेह लेकर मुरादाबाद मंडल की नई जिम्मेदारी के लिए रवाना हुईं।



