अलीगढ़

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सिटी टास्क फोर्स को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न

आंगनबाड़ी, शिक्षा विभाग, नगर निगम एवं स्थानीय राजनैतिक भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुॅचाया जाए

अलीगढ़,  जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में सिटी टास्क फोर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सिटी टास्क फोर्स की भूमिका पर चर्चा करते हुए डीएम ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों, टीकाकरण, पोषण, साफ-सफाई एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए टास्क फोर्स की नियमित बैठकें हों और जमीनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।  सीएमओ डॉ नीरज त्यागी ने बताया कि 20 शहरी स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं। विभागीय समन्वय से लक्ष्यों की प्रतिपूर्ति की जाती है। डूडा का भी सहयोग प्राप्त होता है। सभी स्वास्थ्य उपकेंद्र पर चिकित्सक तैनात हैं। एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन के कुछ पद खाली हैं, जिन्हें निदेशालय स्तर से भरा जाना है। सोमवार को छोड़कर सभी केंद्रों पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। 11 शहरी स्वास्थ्य उपकेंद्र पर स्वास्थ्य सेवाओं के सफल संचालन के लिए और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। सीएमओ ने बताया कि जल्द ही दो मॉडल इम्यूनाइजेशन केंद्र संचालित किए जाएंगे। राष्ट्रीय कार्यक्रमों के सफल संचालन में नियमित टीकाकरण का सुदृढ़ीकरण, शहरी क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने की भी आवश्यकता है।   डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक आरोग्य मंदिर में चिकित्सक की उपस्थिति, दवा वितरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और रोग निवारण गतिविधियों का समयबद्ध निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी से न भागे, आशाएं और एएनएम सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए माइक्रोप्लान के अनुसार सत्र संचालन कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाएं। डीएम ने टीकाकरण का डेटा यू विन पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला आरोग्य समितियों और मोहल्ला निगरानी समितियों को भी सक्रिय किया जाए। सीएमओ ने बताया कि 638 टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी एवं शिक्षा विभाग, नगर निगम एवं स्थानीय राजनैतिक भागीदारी टीकाकरण को लक्ष्य तक अवश्य पहुंचाएगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!