संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट व कमिश्नरी में गूँजी प्रस्तावना
अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली निष्ठा की शपथ

अलीगढ़: संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए शपथ दिलाई।जिलाधिकारी ने सभी को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान की उद्देेशिका में निहित आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता को व्यवहार में उतारना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन करना चाहिए।इसी क्रम में कमिश्नरी कार्यालय में भी आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल श्रीमती संगीता सिंह ने संविधान प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों ने एकजुट होकर संविधान के प्रति समर्पण की शपथ ली। संविधान दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने नागरिक दायित्व, संवैधानिक आदर्शों और लोकसेवा के प्रति पुनः प्रतिबद्धता की भावना को सुदृढ़ किया।



