कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता व बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश
विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व बेहतर सुविधाओं पर डीएम का विशेष जोर

-डीएम अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा तथा जनपदीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कायाकल्प योजना, विद्यालयों में निर्माण कार्यों की प्रगति, छात्र-शिक्षक उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं काफी हद तक सुदृढ़ हो चुकी हैं, ऐसे में अब शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और नियमितता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकास खंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शौचालय, परिसर की स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यालयों में धन की कमी के कारण कार्य लंबित हैं, वहां क्षेत्र पंचायत, वित्त आयोग सहित अन्य उपलब्ध निधियों का प्रभावी उपयोग कर आवश्यक सुविधाएं विकसित कराई जाएं। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था विकसित करने, नियमित छात्र-शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित करने और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही भविष्य के सशक्त समाज की आधारशिला है।डीएम ने सख़्त निर्देश दिए कि जर्जर विद्यालय में शैक्षणिक कार्य न किया जाए। जीर्ण शीर्ण विद्यालयों के ध्वस्तीकरण एवं नीलामी का कार्य तेजी के साथ पूरा किया जाए। एआरपी के चयन के साथ ही शिक्षण अधिगम सामग्री एवं किट का समुचित सदुपयोग करने के निर्देश दिए। बीटीएफ बैठकों का नियमित आयोजन, 14 फरवरी तक निपुण आंकलन का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, स्पोर्ट ग्रांट एवं ईको क्लब फ़ॉर मिशन लाइफ के लिए प्राप्त धनराशि का सदुपयोग करने के साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों का आगामी कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित कराने, बैंक के माध्यम से डीबीटी योजना के लिए सीडिंग कराने के साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, पीडी भाल चंद त्रिपाठी, एक्सईएन विद्युत, आरईएस, नगर निगम, एसटीओ, डीआईओएस, अपर नगर आयुक्त समेत संबंधित अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं डिस्ट्रिक कॉर्डिनेटर उपस्थित रहे।



