जिला अस्पताल में आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक के लिए प्रक्रिया तेज, जल्द पूरी होगी औपचारिकताएं
मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में प्रस्तावित आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्यवाही को गति दी जा रही

अलीगढ़ : मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में प्रस्तावित आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्यवाही को गति दी जा रही है। इमरजेंसी ब्लॉक से संबंधित प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे जाने के लिए कुछ तकनीकी व औपचारिक प्रक्रियाएं पूर्ण की जानी आवश्यक हैं।इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 जगवीर सिंह द्वारा अधिशासी अभियंता, प्रान्तीय खण्ड, लोक निर्माण विभाग एवं अधिशासी अभियंता, निर्माण खण्ड-1, लोक निर्माण विभाग को पत्र प्रेषित कर जिला अस्पताल परिसर में स्थित जर्जर, असुरक्षित एवं अनुपयोगी भवनों का भौतिक निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप पर मूल्यांकन आख्या उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया ।उन्होंने बताया कि प्रस्तावित इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण के लिए भौतिक सत्यापन एवं तकनीकी रिपोर्ट जैसे ही संबंधित विभाग से प्राप्त होगी, अग्रिम एवं आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाएगी। सहायक निदेशक सूचना द्वारा अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड-1 संजीव पुष्कर से वार्ता की गई, जिसमें उन्होंने आश्वस्त किया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र ही सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर दी जाएगी, ताकि इमरजेंसी ब्लॉक निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि जिला अस्पताल में मरीजों को अत्याधुनिक व बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण से जिले के नागरिकों को त्वरित, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।



