अलीगढ़

मानकों का उल्लंघन करने वाले निजी अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं और निजी अस्पतालों को निर्धारित मानकों का पालन करना ही होगा

-सीएमओ, डॉ त्यागी

अलीगढ़ जिले में निजी अस्पतालों द्वारा मानकों के उल्लंघन, अनियमितताओं एवं शिकायतों के संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के अनुरूप जांच कर दोषी चिकित्सा इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जा रहा है और प्रत्येक प्रकरण की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत की जा रही है।सीएमओ ने बताया कि गलत इलाज, अपात्र स्टाफ से उपचार, दस्तावेजी अनियमितताओं एवं पंजीकरण संबंधी शिकायतों पर विभाग द्वारा नोटिस, निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार सीलिंग जैसी वैधानिक कार्यवाही की गई है। जिन मामलों में अनियमितताएं पाई गईं, वहां संबंधित अस्पतालों को कमियां दूर करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए और नियमों के पालन के उपरांत ही आगे की अनुमति प्रदान की गई।डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निजी अस्पतालों को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है।उन्होंने यह भी बताया कि फर्जी दस्तावेजों अथवा नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में पुलिस व अन्य एजेंसियों से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाती है, ताकि निर्णय विधिसम्मत और टिकाऊ हो।सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है कि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। इसके लिए निरीक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है और शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी निजी अस्पताल के संबंध में कोई शिकायत हो तो उसे निर्धारित माध्यम से विभाग के संज्ञान में लाएं, ताकि समय रहते नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!