मुख्यमंत्री कार्यालय से जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग, जिलाधिकारी ने समयबद्ध समाधान पर दिया जोर
फरियादियों ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू होने पर संतोष जताया

अलीगढ़ : शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जनपद स्तरीय जनसुनवाई की सीधी लाइव मॉनिटरिंग की गई। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के तहत जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कलक्ट्रेट में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।लाइव मॉनिटरिंग के दौरान जनसुनवाई की पूरी कार्यवाही पर मुख्यमंत्री कार्यालय की सतत निगरानी रही, जिससे शिकायतों के समाधान में जवाबदेही और पारदर्शिता को और मजबूती मिली। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी श्री रंजन ने कहा कि जनसुनवाई आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास का सेतु है। इसमें संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय से हो रही लाइव मॉनिटरिंग से जनसुनवाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ हुई है। इससे शिकायतों के त्वरित निस्तारण को गति मिली है और प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



