अलीगढ़

खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी, आपूर्ति निरीक्षकों द्वारा कोटेदारों की दुकानों का सघन निरीक्षण

पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण राशन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सक्रिय

अलीगढ़ : शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत आपूर्ति निरीक्षकों द्वारा कोटेदारों की दुकानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था एवं गुणवत्ता की नियमित जांच कर रही हैं।निरीक्षण के दौरान कोटेदारों की दुकानों पर उपलब्ध चावल, गेहूं एवं अन्य खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा रहा है, साथ ही मौके पर उपस्थित कार्डधारकों से वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के क्रम में अधिकांश स्थानों पर खाद्यान्न की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई और लाभार्थियों द्वारा भी वितरण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया।जहां कहीं भी खाद्यान्न की गुणवत्ता में कमी की आशंका पाई गई, वहां संबंधित कोटेदारों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल मानक के अनुरूप खाद्यान्न का ही वितरण सुनिश्चित किया जाए और निम्न गुणवत्ता का खाद्यान्न पाए जाने पर उसे तत्काल अलग रखकर प्रतिस्थापित कराया जाए।जिला प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय से एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!