अटल वयो अभ्युदय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक 27 फरवरी को
उक्त समिति की बैठक उपनिदेशक समाज कल्याण, अलीगढ़ मंडल की अध्यक्षता में 27 फरवरी को आयोजित की जाएगी

अलीगढ़ : उप निदेशक समाज कल्याण मनोज कुमार ने अवगत कराया है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवायए) के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के हित में राज्य कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव समिति का गठन किया गया है।उन्होंने बताया कि उक्त समिति की बैठक उपनिदेशक समाज कल्याण, अलीगढ़ मंडल की अध्यक्षता में 27 फरवरी को आयोजित की जाएगी। बैठक का प्रथम सत्र जनपद अलीगढ़ एवं एटा के लिए प्रातः 10ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और द्वितीय सत्र जनपद कासगंज एवं हाथरस के लिए अपराह्न 12ः30 बजे से 1ः30 बजे तक निर्धारित किया गया है।बैठक में समिति द्वारा एवीवायए योजना के अंतर्गत जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए उपयुक्त गैर-सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं शर्तों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी। इच्छुक संस्थाओं के लिए सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के अंतर्गत पंजीकरण, एनजीओ दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण, राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता, पैन, जीएसटी विवरण, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट एवं विगत तीन वर्षों के ऑडिटेड लेखा विवरण सहित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।उप निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं पात्र संस्थाओं से समय से बैठक में प्रतिभाग कर योजना के उद्देश्यों की पूर्ति में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी जिला समाज कल्याण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संबंधित संस्थाओं से आवेदन प्राप्त करके बैठक में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।



