स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग अभियान में 20 वाहनों पर कार्रवाई, नियमों के पालन को लेकर प्रशासन सख्त
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता, वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

अलीगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले में परिवहन विभाग द्वारा स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर की गई जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 20 स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान एवं दंडात्मक कार्रवाई की गई।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रवेश कुमार द्वारा चलाए गए इस अभियान में बस, मैक्सी कैब, मोटर कार और मोटर कैब सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, पंजीकरण, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए स्कूली वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग की ओर से जिले के सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तत्काल वैध कराएं और वाहनों की तकनीकी स्थिति भी सुनिश्चित करें। जिन वाहनों में कोई कमी है, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए और जब तक वाहन पूरी तरह मानकों के अनुरूप न हों, तब तक उनका संचालन न किया जाए। परिवहन विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई भी वाहन बिना मानकों के मार्ग पर संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।



