आभा आईडी अभियान ने पकड़ी रफ्तार, जिले में 22 लाख से अधिक नागरिकों को मिली डिजिटल स्वास्थ्य पहचान
डिजिटल हेल्थ की ओर बड़ा कदम- जिले में आभा आईडी बनाने को तेज हुआ ‘एक नागरिक-एक स्वास्थ्य पहचान’ अभियान

संजीव रंजन, डीएम अलीगढ़ प्रदेश सरकार की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में चलाए जा रहे “एक नागरिक-एक स्वास्थ्य पहचान-आभा अभियान” के अंतर्गत जिले में आभा आईडी बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा है कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत आभा आईडी प्रत्येक नागरिक की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जिससे मरीज का स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रहता है। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले अधिक से अधिक नागरिकों की आभा आईडी बनाई जाए। साथ ही शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से अभियान को गति देते हुए लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने भी जनपदवासियों से आभा आईडी बनवाने की अपील की है।सीएमओ डॉ0 नीरज त्यागी ने स्पष्ट किया कि अपर मुख्य सचिव आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में 20 फरवरी से 21 मार्च तक जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों पर रोस्टर तैयार कर चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों की आभा आईडी बनाई जा सके। जिले के लिए 38,20,079 आभा आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक ई-कवच पोर्टल के माध्यम से 22,50,468 आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। वहीं विशेष अभियान की शुरुआत से अब तक 11,365 नई आभा आईडी बनाई गई हैं। इस प्रकार बड़ी संख्या में नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य पहचान उपलब्ध कराई जा चुकी है।सीएमओ ने बताया कि आभा आईडी के माध्यम से किसी भी व्यक्ति का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे मरीज को किसी भी अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी पुरानी जांच, उपचार और चिकित्सकीय इतिहास की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इससे उपचार में समय की बचत होती है और मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं।अभियान की प्रगति को और तेज करने के लिए विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में समीक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। चिकित्सा इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और आम नागरिकों को आभा आईडी के लाभों के बारे में जागरूक करते हुए अधिक से अधिक आईडी बनवाई जाएं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत देश में डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आभा आईडी के माध्यम से नागरिकों को एक स्थायी डिजिटल स्वास्थ्य पहचान मिलेगी, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो सकेगा। सीएमओ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पर जाकर अपनी आभा आईडी बनवाएं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।



