नववर्ष अभिनंदन एवं मेला आयोजन समिति द्वारा मंगलवार को आगरा रोड स्थित कैलाश फार्म हाउस में नववर्ष मेले का आयोजन हुआ
दोपहर में बच्चों ने भारतीय संस्कृति की खुशबू बिखेरी तो शाम होते ही मां भारती की आरती संग जयघोष हुआ

नववर्ष अभिनंदन एवं मेला आयोजन समिति द्वारा मंगलवार को आगरा रोड स्थित कैलाश फार्म हाउस में नववर्ष मेले का आयोजन हुआ। दोपहर में बच्चों ने भारतीय संस्कृति की खुशबू बिखेरी तो शाम होते ही मां भारती की आरती संग जयघोष हुआ। रात में वृंदावन से आए माधवास रॉक बैंड ने ब्रज के गीतों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
भगवामय वातावरण में पूरा माहौल भक्ति के रंग में रंग गया। उन्होंने सुनाया आली री मोहे लागे वृंदावन नीकाै…, मेरे बांके बिहारी लाल तू इतना ना करियो शृंगार…, मेरे झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे राम आएंगे…, गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो…,जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। देर रात तक दर्शक उनके साथ सुर मिलाते रहे।वृंदावन के माधवास राॅक बैंड के कलाकार नवकिशोर और उनकी
पत्नी नंदरानी गोपी का कहना है कि आधुनिक जीवनशैली के बीच अब युवा वर्ग सनातन संस्कृति और परंपराओं की ओर लौट रहा है। कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में उनकी बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है। युवा न केवल इन आयोजनों में शामिल हो रहे हैं, बल्कि आयोजन और संचालन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण जीवन के बीच युवा अब मानसिक शांति और आत्मिक संतोष के लिए सनातन परंपराओं की ओर आकर्षित हो रहे हैं। भजन, संकीर्तन और भगवान के सिमरन के माध्यम से उन्हें एक नई ऊर्जा और सुकून मिल रहा है। इससे सनातन संस्कृति की जड़ें मजबूत हो रही हैं। नई पीढ़ी इसे अपनाकर अपनी पहचान से जुड़ने का प्रयास कर रही है।



