संचारी रोग नियंत्रण को जिले में मिला जनसहभागिता का मजबूत आधार
महापौर प्रशांत सिंहल ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना, स्वच्छता और सतर्कता का दिया संदेश

अलीगढ़: जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर बुधवार को व्यापक जनजागरूकता का संदेश देते हुए एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंहल ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छ परिवेश बनाए रखने की शपथ दिलाई।मा0 महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। नगर निगम द्वारा अभियान को गति देने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। यह रैली मलखान सिंह जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर रसलगंज, कोयले वाली गली एवं प्राथमिक विद्यालय मार्गों से गुजरते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पर संपन्न हुई।रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पोस्टर, बैनर और पम्पलेट के माध्यम से संचारी रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारे लगाकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाए रखा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगवीर सिंह वर्मा, डॉ. तैयव खान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री, जिला मलेरिया अधिकारी विनिता मिश्रा, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. रोहित गोयल सहित नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



