एफएसडीए की सख्ती से मेडिकल कारोबार में पारदर्शिता, 174 निरीक्षण में 123 लाइसेंसों पर कार्रवाई
जिले में नकली दवाओं पर कड़ा प्रहार, छापेमारी में गिरफ्तारी व बड़ी मात्रा में दवाएं सीज

अलीगढ़: जिले में नकली एवं अधोमानक दवाओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा सघन अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। विभागीय आंकड़े यह दर्शाते हैं कि विगत वर्ष से अब तक 174 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए व्यापक स्तर पर अनियमितताओं का खुलासा किया गया है। इसमें 98 लाइसेंस निलंबित और 25 लाइसेंस निरस्त किए जाना इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन अवैध दवा कारोबार के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कार्य कर रहा है। कार्रवाई को और धार देते हुए विभाग ने 20 छापेमार अभियानों के दौरान 10,39,208 रुपये मूल्य की दवाओं को सीज किया है, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले नेटवर्क की ओर संकेत करता है। गंभीर मामलों में 07 मुकदमे अधोमानक एवं स्प्यूरियस दवाओं को लेकर न्यायालय में दर्ज कराए गए हैं, जिनकी लगातार पैरवी की जा रही है।इसी कड़ी में हाल ही में मेडिकल रोड स्थित जकरिया मार्केट में एक दवा प्रतिष्ठान पर गोपनीय सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक दीपक लोधी द्वारा पुलिस बल के साथ छापेमार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि मौके पर उपलब्ध दवाओं को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत सीज कर दिया गया। मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और प्रकरण की विवेचना जारी है।औषधि निरीक्षक दीपक लोधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में दवा कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। नकली दवाओं के अवैध नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



