पेयजल लाइन लीकेज पर सख्त कार्रवाई, सड़क मरम्मत के आदेश, लापरवाही पर ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी
जनहित से समझौता नहीं पाइपलाइन खामी दुरुस्त, जिम्मेदार फर्म को नोटिस और अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब

अलीगढ़ : नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-32 वैशालीपुरम रोड पर पाइपलाइन बिछाने के दौरान उत्पन्न लीकेज और क्षतिग्रस्त सड़क के मामले में प्रशासन ने त्वरित एवं सख्त रुख अपनाया है। प्रकरण संज्ञान में आते ही पेयजल लाइन की लीकेज को तत्काल प्रभाव से ठीक करा दिया गया है, जबकि सड़क मरम्मत के लिए संबंधित फर्म को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। महाप्रबंधक जल पी.के. सिंह की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उक्त कार्य मैसर्स जयवार्णी रसायन उद्योग द्वारा कराया गया था। लापरवाही सामने आने पर फर्म को 25 अप्रैल के माध्यम से तत्काल सड़क दुरुस्ती के आदेश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर फर्म को काली सूची में डालने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने केवल कार्यवाही तक ही सीमित न रहते हुए जवाबदेही भी तय की है। पेयजल प्रभारी, जोन-4 द्वारा कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही निस्तारण आख्या प्रस्तुत किए जाने पर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई है। इस संबंध में संबंधित अधिकारी से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण हों, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



