टीकाकरण को लेकर सीडीओ का सख्त रुख, फील्ड में उतरेंगे अधिकारी
स्वास्थ्य योजनाओं में ढिलाई पर सख्त सीडीओ, हर पात्र तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, सेवाओं की गुणवत्ता एवं विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि रोगियों एवं जरूरतमंदों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीडीओ ने निर्देश दिए कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत और नवीन लक्ष्यों के साथ सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय पर लाभ मिल सके।राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत कम प्रगति पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों के कवरेज में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले प्रत्येक ब्लॉक के 10 गांवों की सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि लक्षित प्रयास किए जा सकें।बैठक में जवां के एमओआईसी के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सीडीओ ने अन्य चिकित्सा अधिकारियों को उनसे प्रेरणा लेकर कार्यों में तेजी लाने की नसीहत दी। उन्होंने सभी सीएचओ को लैपटॉप के माध्यम से प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में बिजौली एवं टप्पल क्षेत्रों में प्रगति बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। सीडीओ ने कहा कि जिन क्षेत्रों में परिवार टीकाकरण से इंकार कर रहे हैं, वहां वे स्वयं भ्रमण कर जागरूकता बढ़ाएंगे। आशा कार्यकर्ताओं की रिपोर्टिंग को संतोषजनक बताते हुए सभी आशाओं को ऑनलाइन सर्वे कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि पिछली कमियों से सीख लेते हुए आगामी जुलाई अभियान को अधिक प्रभावी और सफल बनाया जाएगा।बैठक का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी, एक्स-रे, शल्य क्रियाएं, परिवार नियोजन, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, नियमित टीकाकरण, इन्क्वास, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम एवं आशा भुगतान सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा और विचार-विमर्श किया गया।



