जनगणना-2027 में पहली बार ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा संभव, घर बैठे ऐसे भर सकेंगे विवरण
घर-घर सर्वे के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दर्ज होगी नागरिकों की जानकारी

अलीगढ़ भारत सरकार द्वारा की जा रही जनगणना-2027 को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से इस बार पारंपरिक घर-घर गणना के साथ ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी 21 मई तक प्रदान की गई है। इससे नागरिक अपने घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर के माध्यम से अपनी पारिवारिक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी अविनाश कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना प्रक्रिया सामान्य रूप से दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना की जाएगी, जिसमें भवन की स्थिति, कमरों की संख्या, पेयजल, शौचालय, बिजली, इंटरनेट, रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं का विवरण दर्ज किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना होगी, जिसमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, आयु, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय, वैवाहिक स्थिति, जन्म स्थान, मातृभाषा सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज की जाएंगी।ऐसे करें ऑनलाइन स्व-गणना:यदि केंद्र सरकार द्वारा ऑनलाइन स्वयं गणना सुविधा सक्रिय की जाती है, तो नागरिक दी गई प्रक्रिया अपनाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। सर्वप्रथम आपको भारत सरकार के जनगणना पोर्टल/मोबाइल एप पर पंजीकरण करना होगा। मोबाइल नंबर अथवा आधार आधारित सत्यापन के माध्यम से लॉगिन करना होगा। परिवार के मुखिया को परिवार से संबंधित मूल विवरण दर्ज करना होगा। परिवार के सभी सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी निर्धारित कॉलम में भरनी होगी। जानकारी भरने के बाद उसका पुनः सत्यापन करना होगा। अंतिम सबमिट के बाद एक संदर्भ संख्या प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। बाद में नियुक्त प्रगणक घर पहुंचकर विवरण का सत्यापन कर सकते हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया का उद्देश्य नागरिकों का समय बचाना एवं डेटा संकलन को अधिक तेज और सटीक बनाना है। हालांकि जिन नागरिकों के पास इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, उनके लिए प्रगणक पूर्व की भांति घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, क्योंकि यही आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की आधारशिला बनेंगे।विकास भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने की स्व-गणना:बुधवार को विकास भवन के गॉधी सभागार में जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य के मार्गदर्शन में विकास भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मोबाइल एप के माध्यम स्व-गणना की। इस दौरान डीडीओ ने सभी जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जल्द से जल्द अपनी सुविधानुसार घर बैठे स्व-गणना करें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना करना बहुत ही आसान है जिस प्रकार हम सभी ने स्व-गणना की है आप भी कर सकते हैं।



