हाथरस जनपदवासियों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया
अस्पताल में उपचार हेतु आए मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी की।

हाथरस जनपदवासियों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और अस्पताल में उपचार हेतु आए मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, पर्चा काउंटर, चिकित्सक कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्स-रे कक्ष एवं ऑक्सीजन प्लांट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, तथा पाई गई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने मरीजों की भीड़, कतार व्यवस्था एवं उपचार प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने औषधि संग्रह कक्ष का निरीक्षण करते हुए दवा वितरण पंजिका एवं उपलब्ध औषधियों की समाप्ति तिथि का मिलान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी परिस्थिति में बाहरी दवाएं लिखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी दवा वितरण काउंटरों को सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक भीड़ एवं असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में औषधियां उपलब्ध हैं। अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जांच कार्य निर्धारित तिथि एवं सीरियल नंबर के आधार पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे किसी प्रकार की शिकायत अथवा आपत्ति की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा जांच संबंधी प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यवस्थित बनाया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था एवं कतार प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था को निरंतर सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे



