गंभीर, भर्ती व गर्भवती मरीजों के लिए तत्काल अल्ट्रासाउंड सुविधा, बढ़ते मरीज भार के बीच अस्पताल का विशेष प्रबंधन
एक रेडियोलॉजिस्ट, 80 से अधिक अल्ट्रासाउंड प्रतिदिनरू सीमित संसाधनों में भी मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर राहत

अलीगढ़ : पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में बढ़ती मरीज संख्या के बावजूद अल्ट्रासाउंड सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, जबकि रेडियोलॉजी विभाग में वर्तमान में केवल एक रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। इसके बावजूद प्रतिदिन औसतन 65 से 90 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 महेंद्र कुमार माथुर द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार गंभीर, आपातकालीन, भर्ती एवं गर्भवती मरीजों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उसी दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो। सामान्य मरीजों को उनकी चिकित्सीय आवश्यकता एवं सुविधा के अनुसार समयबद्ध तिथि प्रदान की जाती है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेवाएं प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित की जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह के आंकड़े दर्शाते हैं कि 70 से 89 तक मरीजों के प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड किए गए, जिनमें बड़ी संख्या गर्भवती मरीजों की भी रही। 18 जून को 84, 17 जून को 80, 16 जून को 70, 15 जून को 78, 13 जून को 85, 12 जून को 89 और 11 जून को 73 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सीमित मानव संसाधनों के बावजूद अधिकतम मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी गंभीर अथवा आवश्यक मरीज के उपचार में जांच संबंधी विलंब बाधा न बने और सभी को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।



