अलीगढ़

साईं दान फाउंडेशन की संवेदनशील पहल: तीसरी बार पोषण पोटली वितरण, 34 टीबी ग्रस्त बच्चों को छह माह के लिए लिया गोद

सीएमओ ने लाभार्थियों को पोषण पोटली का किया वितरण

अलीगढ़ : राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में साईं दान फाउंडेशन द्वारा तीसरी बार पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 05 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 34 टीबी ग्रस्त बच्चों को छह माह के लिए गोद लेते हुए पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। फाउंडेशन द्वारा इन बच्चों को आगामी छह माह तक नियमित रूप से पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम का आयोजन मलखान सिंह जिला चिकित्सालय सभागार में किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने लाभार्थियों को पोषण पोटली का वितरण किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. अंशु सक्सेना, चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से संपन्न हुआ। साईं दान फाउंडेशन की ओर से रूबी, मोहित, यश, गरिमा, उज्ज्वल, चर्चित एवं अवंतिका सहित अन्य सदस्यों ने प्रतिभाग करते हुए बच्चों को पोषण पोटलियां वितरित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन में दवा के साथ-साथ पर्याप्त पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समाजसेवी संस्थाओं एवं निक्षय मित्रों के सहयोग से उपचाराधीन मरीजों को अतिरिक्त संबल मिल रहा है। उन्होंने साईं दान फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि जनपद में निक्षय मित्रों एवं विभिन्न सामाजिक तथा औद्योगिक संस्थाओं के सहयोग से लगातार पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जून माह में अब तक लिंक लॉक अलीगढ़ द्वारा 200, अल अम्मार फ्रोजन फूड्स एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 500, अल्लाना सन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 500, एचएमए एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा 200, फेयर एक्सपोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 400, वेव डिस्टिलरीज एंड ब्रुअरीज लिमिटेड द्वारा 500 तथा साईं दान फाउंडेशन द्वारा 34 लाभार्थियों को पोषण पोटलियों का वितरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि जून माह में अब तक 2,334 पोषण पोटलियों का वितरण विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त गीता श्याम सत्संग द्वारा वर्ष 2024 से प्रत्येक माह निरंतर 20 क्षय रोगियों को गोद लेकर नियमित रूप से पोषण पोटलियां प्रदान की जा रही हैं, जो सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम समन्वयक (क्षय) सतेंद्र कुमार, डॉ. अंशु सक्सेना, एसटीएस विशाल, टीबीएचवी पीयूष सेंगर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने ’’टीबी मुक्त अलीगढ़-टीबी मुक्त भारत’’ के संकल्प को दोहराया गया एवं समाज के अन्य संगठनों व व्यक्तियों से भी निक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों के सहयोग के लिए आगे आने की अपील की।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!