मिलावटखोरों की नींद उड़ाने वाला अधिकारी अब प्रयागराज में, अलीगढ़ को छोड़ गया यादगार कार्यकाल
पनीर से लेकर दूध तक की जांच, औचक छापों से खाद्य सुरक्षा को दी नई धार

अलीगढ़ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य दीनानाथ यादव का प्रयागराज स्थानांतरण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि अलीगढ़ के लिए एक ऐसे अधिकारी की विदाई है जिसने अपने कार्यकाल में खाद्य सुरक्षा को जनचर्चा का विषय बना दिया। दो वर्षों तक जनपद में सेवाएं देने वाले दीनानाथ यादव ने शुक्रवार को प्रयागराज में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मिलावटखोरों और खाद्य मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाया। पनीर, खोया, दूध, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग, डेयरियों पर छापेमारी, मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य कारोबारियों के औचक निरीक्षण उनकी कार्यशैली की पहचान बन गए थे। त्योहारों के मौसम में उनके नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद प्रभावी साबित हुए।
सख्त प्रशासनिक अधिकारी, लेकिन व्यवहार में हमेशा आत्मीय और सहज:दीनानाथ यादव की पहचान केवल एक कुशल प्रशासक के रूप में ही नहीं रही, बल्कि एक ऐसे अधिकारी के रूप में भी बनी जो आमजन, व्यापारियों और विभागीय कर्मचारियों से समान आत्मीयता के साथ संवाद करते थे।चेहरे पर गंभीरता होने के बावजूद वे सदैव मुस्कुराकर लोगों से मिलते और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थेउन्होंने विभागीय टीम को साथ लेकर काम करने की संस्कृति विकसित की और खाद्य सुरक्षा कानूनों के प्रभावी अनुपालन के साथ जनजागरूकता पर भी विशेष बल दिया। उनके नेतृत्व में अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सक्रियता और विश्वसनीयता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।आज जब वे प्रयागराज में नई जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, तब अलीगढ़ के प्रशासनिक, सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में उनसे जुड़े लोग उनके कार्यों को याद कर रहे हैं जनपदवासियों को विश्वास है कि जिस निष्ठा, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ उन्होंने अलीगढ़ में कार्य किया, उसी समर्पण के साथ वे प्रयागराज में भी नई सफलताओं की इबारत लिखेंगे। उनके द्वारा स्थापित कार्यसंस्कृति और उपलब्धियां लंबे समय तक अलीगढ़ की स्मृतियों में बनी रहेंगी।



