22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान
जिले में 9.05 लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका

अलीगढ़ राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान (राउंड-8) का शुभारंभ 22 जुलाई से किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को रोग से सुरक्षित रखने के लिए 9,00,500 वैक्सीन डोज प्राप्त हुई हैं।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी 12 विकास खंडों में 44 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है। टीमें पशुपालकों के घर-घर जाकर निःशुल्क टीकाकरण करेंगी और पशुओं की पहचान के लिए टैगिंग भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 8 माह से अधिक आयु के गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा, जबकि गर्भित पशुओं और 4 माह से कम आयु के बच्चों को टीका नहीं लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक संचालित होगा। अभियान के दौरान 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 26 अगस्त (ईद-ए-मिलाद), 28 अगस्त (रक्षाबंधन) और 4 सितंबर (जन्माष्टमी) के सार्वजनिक अवकाश पर टीकाकरण कार्य नहीं होगा। अभियान के प्रारंभिक चरण में गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित एवं निराश्रित गौवंशों का टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक वायरस जनित रोग है, जो संक्रमित पशुओं के संपर्क, चारा, पानी और हवा के माध्यम से तेजी से फैलता है। इस रोग में पशुओं को तेज बुखार आता है और मुंह और खुरों के बीच घाव हो जाते हैं। समय पर उपचार एवं देखभाल न होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। संक्रमित पशु दूध देना बंद कर देता है, कार्य करने वाले पशुओं की कार्यक्षमता प्रभावित होती है एवं छोटे पशु बच्चों की मृत्यु तक हो सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों व अन्य जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। साथ ही पशुपालकों से अनुरोध किया है कि टीकाकरण टीम के घर पहुंचने पर अपने सभी पात्र पशुओं का शत-प्रतिशत निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि अभियान के नोडल अधिकारी उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी हैं। किसी भी जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9412854787 पर संपर्क किया जा सकता है। अभियान का शुभारंभ जिले के सभी विकास खंडों में संबंधित मा0 विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।



