विधानसभा निर्वाचन-2027: डीईओ ने प्रभारी अधिकारी किए नामित
सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अलीगढ़ : आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार द्वारा प्रभारी एवं सहायक प्रभारी नामित कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी नामित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाईडलाइन का अच्छे से अध्ययन कर निर्देशों को अच्छे से आत्मसात करें ताकि आवंटित कार्यों का त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्वाचन कार्मिकों, माइक्रो प्रेक्षक एवं ईवीएम मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, अपर जिलाधिकारी नगर को मजिस्ट्रेटस नियुक्ति एवं यातायात व्यवस्था, आदर्श चुनाव आचार संहिता, प्रेक्षक व्यवस्था, पुलिस अधीक्षक यातायात को पुलिस कार्मिक एवं सुरक्षा व्यवस्था, अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं चकबंदी अधिकारी को ईवीएम की जांच एवं रखरखाव निर्वाचन नियंत्रण कक्ष एवं हैल्पलाइन, शिकायत प्रकोष्ठ, जिला पंचायतीराज अधिकारी को निर्वाचन लेखन सामग्री एवं प्रपत्रों की व्यवस्था एवं सांख्यिकीय सूचनाओं का प्रेषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन को टैण्ट, फर्नीचर, वैरीकेटिंग, विद्युत एवं साउण्ड व्यवस्था, अपर जिलाधिकारी वित्त को निर्वाचन व्यय लेखा, वीडीयोग्राफी, डिजिटल कैमरा एवं वेबकास्टिंग, मीडिया कम्युनिकेशन एवं पेड न्यूज, उप निदेशक कृषि (शोध) को मतपत्रों की व्यवस्था, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूचियों की छपाई एवं वितरण, नगर आयुक्त को सफाई एवं पेयजल व्यवस्था, जिलापूर्ति अधिकारी को खानपान व्यवस्था, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को दूरसंचार एवं इंटरनेट व्यवस्था, सचिव एडीए को मतदान दिवस में की जाने वाली विभिन्न कार्यवाहियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह अपने सहायक प्रभारी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराएंगे। उन्होंने सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन व्यवस्थाओं को संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आदेशों, अधिनियमों, नियमों एवं संविधान में दी गई प्रक्रियाओं के अनुसार आवंटित कार्यों का पूर्ण जिम्मेदारियों के साथ निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।



