अलीगढ़

डीएचएस बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन आशाएं हुईं सम्मानित

डीएम ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर विशेष निगरानी के निर्देश

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशाओं- लोधा के नीवरी की मिथलेश देवी, छर्रा के बाईकला की सीमा देवी, एवं गांेडा के शाहपुर की कमलेश देवी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
बैठक का संचालन करते हुए डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के लिए बजट प्राप्त हो गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने एवं आशा स्तर से लेकर प्रसव होने तक गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के प्रत्येक मामले की समय से पहचान कर प्रभावी निगरानी एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
आरबीएसके की समीक्षा के दौरान डॉ. अमित ने बताया कि जिले में 26 टीमें विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। इस वर्ष अब तक 2,371 बच्चों को उपचार के लिए रेफर किया गया है। जन्मजात बीमारियों से ग्रसित 15 बच्चों के सापेक्ष 12 बच्चों की सफल सर्जरी कराई जा चुकी है। हेल्थ एटीएम के संचालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने रोगी कल्याण समिति से उपलब्ध धनराशि की मदद से इन्हें संचालित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अगली बैठक में हेल्थ एटीएम के संचालन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा। जिला मलखान सिंह चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। डॉ अमित ने बताया कि क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट के अंतर्गत अब तक 67 निरीक्षण किए गए हैं, जबकि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत 79 निरीक्षण किए गए। जिलाधिकारी ने निरीक्षणों में और अधिक सघनता लाते हुए अनियमितता मिलने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अवैध चिकित्सकों के विरुद्ध की गई छापामार कार्रवाई की जानकारी देते हुए डॉ. अमित ने बताया कि अब तक 32 प्रकरणों में एफआईआर की कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने झोलाछाप एवं अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत भर्ती प्रसूताओं को उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शुद्ध, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमएस को भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने को कहा। बैठक में बताया गया कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि चिकित्सालयों को रिलीज कर दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी प्रकार के भुगतान नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए। आशा संगिनी के भुगतान में 71 प्रतिशत और जेएसवाई में 99 प्रतिशत भुगतान की प्रगति से भी अवगत कराया गया। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम की समीक्षा में बताया गया कि अक्टूबर माह से अपेक्षित परिणाम सामने आने की संभावना है। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत उपचार सफलता दर 95 प्रतिशत बताई गई। अब तक 11,613 रोगियों का उपचार किया जा चुका है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 43,152 के लक्ष्य के सापेक्ष 42,000 से अधिक जांचें की जा चुकी हैं। जुलाई माह में मलेरिया के 05 मामले सामने आए। क्षेत्र में एंटी-मलेरिया गतिविधियां संचालित की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने इगलास क्षेत्र में जांच का दायरा और बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह समेत सभी सीएमएस, एओआईसी एवं अन्य चिकित्सकगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!