अलीगढ़

नवागत मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने संभाला कार्यभार

  पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों पर रहेगा विशेष जोर

अलीगढ़  नवागत मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने मंगलवार को अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कमिश्नरी सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उन्होंने अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं और मंडल के विकास को लेकर अपनी कार्ययोजना साझा की।मंडलायुक्त ने बताया कि वह वर्ष 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद में करीब छह वर्षों तक सेवाएं देने के बाद उन्हें अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने दो जिलों में जिलाधिकारी और दो अन्य जिलों में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी कार्य किया है। इसके अतिरिक्त लखनऊ, मेरठ, नोएडा और मथुरा में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।नवागत मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य विकास कार्यों को केवल कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका प्रत्यक्ष और स्थायी लाभ आमजन तक पहुंचाना है इसके लिए अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित समीक्षा और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी जाएगी।अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ:अपनी प्राथमिकताओं के संबंध में मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की नीतियों, कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जिस नीयत और उद्देेश्य से लागू किया जाता है, उसी भावना के साथ उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि मंडल में विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रशासनिक दृष्टिकोण एवं टीम भावना के साथ विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर रहेगा।मंडलायुक्त ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसे किसी एक अधिकारी के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से गति दी जा सकती है उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाईनवागत मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा दोषी एवं लापरवाह अधिकारियों को पहले अपनी कार्यप्रणाली में सुधार का अवसर और चेतावनी दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी यदि सुधार नहीं दिखाई देता है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने में वह पीछे नहीं हटेंगे।

जलभरावयातायात और विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा:प्रेस वार्ता के दौरान मंडलायुक्त से अलीगढ़ में पर्यटन विकास एवं रोजगार की संभावनाओं, शहर में जलभराव की समस्या, राजस्व परिषद द्वारा जारी विभिन्न निर्णयों एवं निर्देशों के जिला और तहसील स्तर पर अनुपालन, बड़ी विकास परियोजनाओं के निर्माण के बाद उनका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाने, विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और क्वार्सी रजवाहे को अतिक्रमण मुक्त कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी ली मंडलायुक्त ने संकेत दिया कि जनहित से जुड़े इन विषयों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!