
अलीगढ़ : शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए सारसौल चैराहे से बौनेर तिराहे तक ग्रीन कॉरिडोर विकसित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन किया जा रहा है। इस मार्ग पर सुबह 06 बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा एवं ऑटो के संचालन पर प्रतिबंध लागू है।पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था के तहत सारसौल चैराहा, रसलगंज चैराहा, कंपनीबाग चैराहा, दुबे का पड़ाव चैराहा, एटा चुंगी चैराहा एवं बौनेर तिराहा समेत प्रमुख जाम वाले स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा आवश्यक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। इसका उद्देश्य प्रमुख मार्ग पर यातायात का निर्बाध एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करते हुए आमजन को जाम की समस्या से राहत प्रदान करना है। ग्रीन कॉरिडोर पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। ई-रिक्शा एवं ऑटो को निर्धारित प्रतिबंधित समय में इस मार्ग पर प्रवेश न करने देने के लिए यातायात पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नगर निगम एवं रोडवेज विभाग के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है।सावन मास में कांवड़ यात्रा के दौरान भी यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर रूट डायवर्जन करते हुए अलग कांवड़ यात्रा मार्ग निर्धारित किया गया था। यातायात पुलिस द्वारा परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक यातायात प्रबंधन एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई।उन्होंने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर का उद्देश्य किसी वर्ग को परेशान करना नहीं, बल्कि शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त यातायात उपलब्ध कराना है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।



