अलीगढ़

विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए कड़े निर्देश

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए 5 जोन व 15 सेक्टर में बांटा गया जिला

अलीगढ़ : जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों की समयबद्ध तैयारी पूरी करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के साथ ही मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, रूट प्लान और मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी की व्यवस्थाओं को भी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराएं।उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन की प्रक्रिया आगरा मंडल आयुक्त न्यायालय, आगरा में आरंभ हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी 9 अक्टूबर को होगी। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना के लिए 27 अक्टूबर की तिथि निर्धारित किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर को समाप्त होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 48  और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 67 पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है। रिजर्व मतदान कार्मिकों सहित कुल 370 मतदान कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया में लगाए गए हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए जनपद को 5 जोन एवं 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के 23,066 पुरुष एवं 15,918 महिला, कुल 38,984 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,444 पुरुष एवं 2,603 महिला, कुल 7,047 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी के लिए नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज को स्थान निर्धारित किया गया है।
बैठक में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले में मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित, सुचारु और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!