67 मतदेय स्थलों पर होगी वीडियोग्राफी, 296 मतदान कार्मिक तैनात
स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज, नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में बनेगा स्ट्रांग रूम

अलीगढ़ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्वाचन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए चेतावनी पत्र निर्गत करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में 67 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक मतदेय स्थल पर चार कार्मिकों के हिसाब से 10 प्रतिशत रिजर्व सहित 296 मतदान कार्मिक तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 74 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और 74 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए जाएंगे। निगरानी व्यवस्था के लिए 7 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 7 जोनल मजिस्ट्रेट और 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी 67 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। बैठक में मतदाता सूची, यातायात, निर्वाचन सामग्री और मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सभी तहसीलों से रूट चार्ट प्राप्त होने की जानकारी दी गई। अधिकारियों को मतदेय स्थलों पर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा। निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। 8 अक्टूबर को हैबिटेट सेंटर में अपराह्न एक से चार बजे तक पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों, जबकि 16 अक्टूबर को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक पीठासीन अधिकारियों एवं समस्त मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। 12 अक्टूबर को विकास भवन सभागार में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा 13 अक्टूबर को अपराह्न दो बजे से माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। निर्वाचन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पीठासीन अधिकारियों के रूप में राजपत्रित अधिकारियों, द्वितीय मतदान अधिकारियों के रूप में केंद्रीय कर्मचारियों और माइक्रो ऑब्जर्वर के रूप में भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम न्यायिक अनिल कुमार, डीडीओ सुभाष नेमा, पीडी डीआरडीए आर0के0 कुरील, अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव पुष्कर, डीएसओ सत्यवीर सिंह, डीएसटीओ ए0के0 दीक्षित, एडीईओ कौशल कुमार, विजय शर्मा, डीआईओ एनआईसी स्वर्णिमा तिवारी समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



