छात्राएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाएं
विधिक जागरूकता शिविर में घरेलू हिंसा, दहेज, कार्यस्थल उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

साक्षी गर्ग
अलीगढ़ उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ़ श्रीमती साक्षी गर्ग ने की।इस अवसर पर सचिव श्रीमती साक्षी गर्ग ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और अन्याय के विरुद्ध मजबूती से खड़े होने में सक्षम बनाती है। छात्राएं अपने कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी रखें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा अथवा भेदभाव को चुपचाप सहन न करें। आवश्यकता पड़ने पर समय रहते विधिक सहायता लेना उनके अधिकार के साथ-साथ उन्हें न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करने के लिए कानून में प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। वर्तमान समय में साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए छात्राओं को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड एवं डिजिटल खातों की सुरक्षा के प्रति भी विशेष रूप से सजग रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अवगत कराया कि किसी भी कानूनी समस्या अथवा अन्याय की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों में 1090 एवं 112 हेल्पलाइन का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने आगामी 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा कैम्प के संबंध में भी छात्राओं को जानकारी दी। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. इन्दू सिंह, श्रीमती आभा वार्ष्णेय, पीएलवी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



