जिले में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान
बीएलओ घर-घर पहुंचकर करेंगे सत्यापन, सप्ताह में 20-25 मतदाताओं से संपर्क का लक्ष्य

अलीगढ़ भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों एवं प्रथम बार और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित वर्तमान निर्वाचक नामावली की तुलना विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व 1 जनवरी 2025 को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली एवं पूरक सूचियों से करेंगे इस दौरान ऐसे नागरिकों को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम पूर्व की मतदाता सूची में था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है।चिन्हित मतदाताओं के संबंध में बीएलओ घर-घर जाकर वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन करेंगे सत्यापन के दौरान पात्र नागरिक पाए जाने पर उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरने में सहायता की जाएगी। प्रत्येक बीएलओ को एक सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि अभियान को लगभग एक माह में पूरा किया जा सके।बीएलओ द्वारा तैयार तुलनात्मक सूची में प्रत्येक चिन्हित नागरिक की वर्तमान स्थिति दर्ज की जाएगी फार्म-6 भरने वाले नागरिकों तथा घर-घर भ्रमण के दौरान मिले छूटे हुए, प्रथम बार एवं युवा निर्वाचकों का विवरण भी इसमें शामिल किया जाएगा। यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी। अभियान के दौरान बूथ स्तर पर विशेष कैम्प भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही रात्रि आश्रयों, लेबर कॉलोनियों, आश्रयहीन एवं मुख्यधारा से वंचित नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष कैम्प लगाए जाएंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिक्षण संस्थानों, स्थानीय जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों, नियमित प्रेस ब्रीफिंग एवं अन्य उपयक्त माध्यमों से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के अवसर से वंचित न रहे। अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक तक मतदाता पंजीकरण की सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।



