मण्डलायुक्त ने शैक्षणिक भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताआंे के विजेता छात्र-छात्राओं ने किया मंगलायतन का शैक्षणिक भ्रमण

अलीगढ़ विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष में विद्यार्थियों में पर्यटन के प्रति जागरूकता, उत्साह एवं स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में गठित पर्यटन क्लबों के सदस्यों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 छात्र-छात्राओं को गुरूवार को मंगलायतन का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं पर्यटन स्थलों की पेंटिंग, टूरिज्म फोटोग्राफी, रील मेकिंग, पर्यटन क्विज एवं निबंध लेखन में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन 27 सितंबर से 6 अक्टूबर तक विश्व पर्यटन दिवस के क्रम में किया गया।
आयुक्त अलीगढ़ मंडल ओ0 पी0 आर्य ने आयुक्त कार्यालय से शैक्षणिक भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश एवं जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत से परिचित कराने के साथ ही उनमें पर्यटन के प्रति जागरूकता और उत्साह पैदा करना है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी स्थानीय पर्यटन स्थलों को समझेगी तो उनके संरक्षण और पर्यटन विकास में भी उसकी सकारात्मक भागीदारी बढ़ेगी।
शैक्षणिक भ्रमण में चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज, संस्कृत कन्या इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, धर्म समाज इंटर कॉलेज और नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज के विजेता छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने मंगलायतन के भ्रमण के दौरान उसके सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण में संबंधित विद्यालयों के अध्यापकगण भी शामिल रहे।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि पर्यटन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने का यह प्रयास उन्हें अपनी स्थानीय विरासत को जानने और उसे व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के संबंधित कर्मचारी, नोडल अधिकारी श्री शिल्पी अनुज एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।



