पौधरोपण अभियान की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर, 98.55 प्रतिशत पौधों की जियोटैगिंग पूर्ण
डीएम ने शेष जियोटैगिंग शीघ्र पूरी करने और रोपित पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आहुत की गई। बैठक में आगामी पौधरोपण अभियान की तैयारियों, पूर्व में रोपित पौधों की जियोटैगिंग और उनके संरक्षण की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए वृक्षारोपण की जीवितता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।बैठक का संचालन करते हुए प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम कुमार ने बताया कि वर्ष 202728 के पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हो गया है, जिसके अनुसार विभागों को लक्ष्य आवंटित किए जाने हैं। पूर्व में किए गए पौधरोपण के सापेक्ष अब तक 98.55 प्रतिशत पौधों की जियोटैगिंग पूरी की जा चुकी है। हालांकि, पांच विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शेष जियोटैगिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधरोपण के साथसाथ रोपित पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि पौधरोपण अभियान के अपेक्षित पर्यावरणीय लाभ सुनिश्चित किए जा सकें। बैठक में नगर विकास, परिवहन, रक्षा एवं जल शक्ति विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा रोपित पौधों की सुरक्षा और देखभाल पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।



