अलीगढ़

बंदियों और उनके परिवारों को बैंकिंग व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल, हर माह लगेगा विशेष शिविर

बैंक खाते की केवाईसी, आधार और राशन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों को सूची तैयार करने के निर्देश

अलीगढ़ : जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों और उनके परिवारों को बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बैंक खातों की केवाईसी, आधार कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, इन सुविधाओं से वंचित बंदियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला कारागार में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती साक्षी गर्ग ने की। उन्होंने बंदियों को बताया कि बैंक खाते की केवाईसी और आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध होने से बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होती है शिविर में अपर जिलाधिकारी नगर संगीता गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर, केनरा बैंक के लीड मैनेजर अशोक सोनी और कारागार प्रशासन के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देकर बंदियों को जागरूक किया।

वंचित बंदियों की सूची बनाकर कराई जाएगी कार्रवाईपूर्णकालिक सचिव ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि ऐसे बंदियों की अलग-अलग सूची तैयार की जाए, जिनके अथवा उनके परिवारजनों के बैंक खातों की केवाईसी लंबित है या आधार कार्ड और राशन कार्ड नहीं बने हैं इन सूचियों के आधार पर संबंधित विभागों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और सूची की एक प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। इस पहल का उद्देश्य दस्तावेजों के अभाव में बंदियों और उनके परिवारों को बैंकिंग सुविधाओं और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने से बचाना है। इसके तहत जिला कारागार में प्रत्येक माह विशेष शिविर आयोजित किए जाने की व्यवस्था की गई है। शिविर में जेल अधीक्षक पंकज कुमार, जेलर विकास काटिया, डिप्टी जेलर राज कुमार सिंह एवं  निखिल श्रीवास्तव और फार्मासिस्ट आनंद पाण्डे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!