मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान
21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा

अलीगढ़ अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। विशेष अभियान के दौरान सभी निर्धारित स्थलों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाकर मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन के लिए निर्धारित फार्म भरने में सहायता दी जाएगी। फार्म-6, 6ए, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने अभियान का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारी निर्धारित स्थलों का निरीक्षण करेंगे और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रतिदिन अभियान की समीक्षा कर कार्य में शिथिलता नहीं आने देंगे।


