अलीगढ़
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा की संभावना
जिलाधिकारी ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की

अलीगढ़ बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से प्रदेश में तेज झोंकेदार हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और व्यापक बेमौसम वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 एवं 30 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की भी संभावना है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए जनपदवासियों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न रहें, आकाशीय बिजली की आशंका होने पर पेड़ों के नीचे शरण न लें और तेज हवाओं के दौरान कमजोर भवनों, होर्डिंग और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।प्रभारी अधिकारी आपदा एवं एडीएम वित्त प्रमोद कुमार ने किसानों से भी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कृषि संबंधी गतिविधियों की योजना बनाने और आमजन से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सके।



