अलीगढ़

गांधी नेत्र चिकित्सालय में गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ आधुनिक चिकित्सा प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध

जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में ट्रस्ट कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न, 20 दिसंबर को होगा निर्वाचन

अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में गांधी नेत्र चिकित्सालय ट्रस्ट की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार एवं नेत्र शल्य चिकित्सा सुविधाओं, आय-व्यय, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और ट्रस्ट के निर्वाचन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि गांधी नेत्र चिकित्सालय अलीगढ़ में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, सुगम चिकित्सकीय सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया जा सके।
बैठक का संचालन करते हुए सीएमओ डॉ. अजय कुमार सक्सेना ने चिकित्सालय की गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन, नई दिल्ली से संबद्ध तीन वर्षीय डीएनबी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित है, जिसमें सात चिकित्सक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से संबद्ध 40 सीटों वाला चार वर्षीय बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री पाठ्यक्रम, विट्रियोरेटिनल सुपर स्पेशियलिटी में द्विवार्षिक फेलोशिप एवं कॉन्टैक्ट लेंस प्रशिक्षण भी संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भी उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रस्तुत विवरण के अनुसार, वर्ष 2024 में 94279 मरीजों का पंजीकरण, 6661 मरीजों को भर्ती करने और 122468 छोटे-बड़े नेत्र ऑपरेशन किए गए। वर्ष 2025 में 100608 मरीजों का पंजीकरण, 6492 मरीजों को भर्ती करने और 12654 छोटे-बड़े नेत्र ऑपरेशन किए गए। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में अगस्त माह तक 41046 मरीजों का पंजीकरण, 1593 मरीजों को भर्ती करने एवं 4551 छोटे-बड़े नेत्र ऑपरेशन किए गए। बैठक में चिकित्सालय की विभिन्न मदों से प्राप्त आय एवं व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया।
ट्रस्ट के लंबित निर्वाचन को सम्पन्न कराने के लिए सर्वसम्मति से जिलाधिकारी की अनुमति पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक को निर्वाचन अधिकारी नामित करने का निर्णय लिया गया। निर्वाचन सम्पन्न होने तक संयुक्त सचिव पिंकी भाटिया सचिव के दायित्वों का निर्वहन करेंगी। बैठक में बताया गया कि ट्रस्ट में 274 क्रियाशील सदस्य हैं, जो निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 दिसंबर, रविवार को निर्वाचन कराया जाएगा। बैठक में ट्रस्ट के संचालन, चिकित्सालय की व्यवस्थाओं और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, एडीएम सिटी संगीता देवी, एसीएमओ डा0 दिनेश खत्री समेत अन्य संबंधित अधिकारी व कार्यकारिणी के सदस्यगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!